सब्जी बनाने को लेकर हुआ विवाद, पति ने पत्नी को मारी गोली; तीन बच्चों के सामने उजड़ा परिवार

नई दिल्ली20सितंबर 2026/दिल्ली के तिगड़ी इलाके में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शुक्रवार शाम सब्जी पकाने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुई बहस के बाद पति ने कथित तौर पर अपनी 31 वर्षीय पत्नी को गोली मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, संगम विहार के तिगड़ी इलाके में करीब शाम 7 बजे कमलेश और उसकी पत्नी पूनम के बीच सब्जी बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद कमलेश ने कथित तौर पर पूनम को गोली मार दी। गोली लगने से पूनम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान घर के अंदर दंपत्ति के तीन बच्चे भी मौजूद थे। गोली की आवाज और बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। आरोप है कि कमलेश ने कुछ देर तक दरवाजा नहीं खोला।

पड़ोसियों से कहा- पत्नी ने खुद को गोली मारी

आरोप है कि घर से निकलने की कोशिश के दौरान कमलेश ने पड़ोसियों से कहा कि उसकी पत्नी ने खुद को गोली मार ली है। हालांकि, पड़ोसियों को उसके बयान पर संदेह हुआ और उन्होंने उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *