होटल, टूर ऑपरेटर से लेकर होमस्टे, स्टार्टअप, इको-टूरिज्म, एडवेंचर पर्यटन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर होंगे सम्मानित; 15 सितंबर तक करें आवेदन
रायपुर, 30 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को नई पहचान देने और पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान करेगा। इस वर्ष पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न वर्गों को शामिल करते हुए कुल 10 श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक श्रेणी के विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड से 94594-60947 पर संपर्क किया जा सकता है।
पर्यटन की पूरी श्रृंखला को मिलेगा प्रोत्साहन
इस पुरस्कार योजना में पर्यटन को केवल पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि होटल, टूर ऑपरेटर, जिला प्रशासन, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर, इको-टूरिज्म और एडवेंचर पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है।
पुरस्कार की 10 श्रेणियां हैं—
- सर्वश्रेष्ठ होटल
- सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर
- सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड
- सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार
- CTB Star Performer – सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट
- CTB Star Performer – पर्यटक सूचना केंद्र
- सर्वश्रेष्ठ होमस्टे
- सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
- सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड
- सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड
सेवा, नवाचार और आर्थिक प्रदर्शन भी होंगे आधार
सर्वश्रेष्ठ होटल और टूर ऑपरेटर के चयन में बेहतर सेवाओं, सुविधाओं, वित्तीय प्रदर्शन, कारोबार, पर्यटकों को उपलब्ध कराए जा रहे अनुभव, पर्यटन प्रचार और रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को महत्व दिया जाएगा। वहीं सतत पर्यटन, CSR गतिविधियों, डिजिटल प्रचार और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी भी मूल्यांकन का हिस्सा होगी।
सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड के लिए पर्यटन विकास, गंतव्य प्रबंधन, पर्यटकों की संख्या में वृद्धि, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित उपाय, स्थानीय संस्कृति एवं ग्रामीण जीवनशैली को पर्यटन से जोड़ने और रोजगार सृजन जैसे मानकों को देखा जाएगा।
स्टार्टअप और युवाओं के नवाचार को मिलेगा मंच
पर्यटन क्षेत्र में नए विचारों और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार दिया जाएगा। नई तकनीक, सेवाओं, व्यावसायिक मॉडल और नवाचार के जरिए छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई दिशा देने वाले स्टार्टअप एवं व्यक्तिगत उद्यमियों को इस श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।
होमस्टे और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी जोर
सर्वश्रेष्ठ होमस्टे के चयन में राजस्व, वार्षिक वृद्धि, बुकिंग, घरेलू पर्यटकों की संख्या, सुविधाओं और ग्राहक समीक्षा जैसे मानदंडों को शामिल किया गया है। स्थानीय उत्पादों, व्यंजनों और समुदायों को पर्यटन से जोड़कर रोजगार एवं आय के अवसर पैदा करने वाले होमस्टे को विशेष महत्व दिया जाएगा।
सोशल मीडिया से छत्तीसगढ़ की ब्रांडिंग करने वालों को सम्मान
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर भी पुरस्कार के दावेदार होंगे। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर पर्यटन आधारित रील्स, वीडियो और अन्य कंटेंट की पहुंच तथा पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन को मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
इको-टूरिज्म और एडवेंचर पर्यटन को प्राथमिकता
पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड दिया जाएगा। इसके लिए परियोजना का छत्तीसगढ़ में स्थित होना और कम से कम दो वर्षों से संचालित होना आवश्यक है। नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण और स्थानीय समुदायों की भागीदारी जैसे मानकों को प्राथमिकता मिलेगी।
वहीं कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियां संचालित करने वाले श्रेष्ठ संचालक को सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड दिया जाएगा। पर्यटकों की संख्या, राजस्व, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुभव, नए एडवेंचर प्रोडक्ट और गंतव्य विकास जैसे पहलुओं को चयन का आधार बनाया जाएगा।
15 सितंबर अंतिम तिथि
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अनुसार प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन निर्धारित पात्रता और मानदंडों के आधार पर राज्य पर्यटन विभाग/निर्णायक समिति द्वारा किया जाएगा। पुरस्कार योजना का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं, सतत पर्यटन, स्थानीय भागीदारी और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है।
इस पहल से होटल, रिसॉर्ट, होमस्टे, टूर ऑपरेटर, स्टार्टअप, जिले, पर्यटक सूचना केंद्र, कंटेंट क्रिएटर और एडवेंचर पर्यटन संचालकों को अपने उत्कृष्ट कार्यों को सामने लाने का अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं साहसिक पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।