राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर बस्तर से बड़ा संदेश: विजय शर्मा ने शुरू किया ‘विज्ञान तीर्थ दर्शन अभियान’

जगदलपुर, 28 फरवरी 2026।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर जगदलपुर में आयोजित भव्य समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय ने छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा विज्ञान भारती के संयुक्त तत्वावधान में कृषि महाविद्यालय के सभागार में किया। समारोह में विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और वैज्ञानिक सोच को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
अपने संबोधन में विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि वैज्ञानिकों के योगदान को याद करने और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर है। उन्होंने युवाओं को विज्ञान को पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखते हुए प्रयोग, शोध और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में बेटियों और महिलाओं को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है, और बस्तर जैसे अंचल में भी वैज्ञानिक अनुसंधान को नई पहचान मिलनी चाहिए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने ‘विज्ञान तीर्थ दर्शन अभियान’ की घोषणा की। इस पहल के तहत युवा वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों को देश के प्रमुख वैज्ञानिकों के जन्मस्थलों और शोध संस्थानों का अध्ययन भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे प्रेरणा लेकर अपने क्षेत्र में शोध और नवाचार को आगे बढ़ा सकें।
कार्यक्रम में “दण्डकारण्य आमचो बस्तर विज्ञान महोत्सव” का विमोचन भी किया गया। यह महोत्सव मार्च से सितंबर 2026 तक विभिन्न चरणों में आयोजित होगा। इसमें सोझ-गोठ (छात्र-वैज्ञानिक संवाद), जोहार प्रकृति (ग्राम स्तरीय कार्यशालाएं), बस्तर अनुसंधान (लोक विज्ञान सम्मेलन), लोक-वैद्य सभा (पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों पर अध्ययन) और विकास यात्रा (प्रबुद्धजनों की गोलमेज चर्चा) जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।
समारोह में CSIR भोपाल के निदेशक डॉ. थल्लाडा भास्कर, परिषद के महानिदेशक डॉ. प्रशांत कवीश्वर, विज्ञान भारती के विवस्वान तथा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज श्रीवास्तव सहित विभिन्न वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के नए आयामों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पांडेय, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का यह आयोजन बस्तर में वैज्ञानिक चेतना को नई दिशा देने और युवाओं को शोध के प्रति प्रेरित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *