चाकूबाजी कर युवक को धमकाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, परपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू बरामद, तीनों आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए

जगदलपुर। 12अगस्त 2026/फ्रेजरपुर (परपा) थाना क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट कर धारदार हथियार से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त की रात करीब 9 बजे वीरेंद्र कश्यप अपनी महिला मित्र के साथ मोटरसाइकिल से मालगांव से सोसनपाल की ओर जा रहा था। न्यू होलेण्ड ट्रैक्टर शोरूम के सामने दोनों रुके थे। इसी दौरान तीन आरोपी वहां पहुंचे और दोनों से पूछताछ करने के बाद महिला को दूर भेज दिया।

इसके बाद आरोपियों ने वीरेंद्र कश्यप के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार से वीरेंद्र के चेहरे, गले और पीठ पर हमला कर दिया, जिससे उसे चोट आई और खून निकलने लगा। पीड़ित वहां से बचने के लिए अपनी महिला मित्र के पास पहुंचा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां भी मारपीट करने लगे।

घटना की शिकायत पर थाना फ्रेजरपुर (परपा) में अपराध क्रमांक 185/2026, धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश देते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में खेमराज मण्डावी (34), विश्वनाथ वेको (29) और लच्छिम मण्डावी उर्फ लछिन मण्डावी (30) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *