जगदलपुर, 12 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उत्साह के साथ शामिल हुए। हाथों में तिरंगा थामे बाइक सवारों ने शहर की सड़कों पर भ्रमण कर राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।
शहर की सड़कों पर गूंजे देशभक्ति के जयघोष
तिरंगा बाइक रैली की शुरुआत पीजी कॉलेज चौक से हुई। इसके बाद रैली अग्रसेन चौक, दंतेश्वरी मंदिर होते हुए दलपत सागर के किनारे से शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
रैली के माध्यम से नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
लोहांडीगुडा तक पहुंची तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा की बाइक रैली को पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा और जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना के नेतृत्व में लोहांडीगुडा तक ले जाया गया। वहीं उसरीबेड़ा से जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप के साथ जिला पंचायत और जनपद पंचायत के सदस्य भी रैली में शामिल हुए।
इसके बाद रैली का समापन जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकोट जलप्रपात में किया गया।
चित्रकोट में देशभक्ति के साथ स्वच्छता का संदेश
चित्रकोट जलप्रपात में रैली के समापन के अवसर पर अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रतिभागियों ने स्वच्छता अभियान चलाया। सभी ने मिलकर जलप्रपात एवं आसपास के पर्यटन क्षेत्र की साफ-सफाई की और लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने कहा कि तिरंगा यात्रा के साथ स्वच्छता अभियान को जोड़ना सराहनीय पहल है। प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान की भावना को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल चित्रकोट तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि हमें केवल अपने घर को ही नहीं, बल्कि आसपास के परिसर और सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने का संकल्प लेना चाहिए।
अधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान के साथ-साथ एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के साथ स्वच्छता अभियान आयोजित कर राष्ट्रप्रेम के साथ पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
शहर से चित्रकोट तक लहराया तिरंगा, बाइक रैली ने जगाया राष्ट्रप्रेम और स्वच्छता का जज्बा