साइबर ठगी से बचने जागरूक हुआ बीजापुर: ATM फ्रॉड, OTP से लेकर डिजिटल अरेस्ट तक बताए बचाव के तरीके

बीजापुर, 1 सितंबर 2026। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिले में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत साइबर सेल बीजापुर, थाना नैमेड एवं थाना जांगला पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान नागरिकों, बैंक ग्राहकों और ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से सावधान रहने तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के उपाय बताए गए।

सहकारी बैंक में ATM फ्रॉड और OTP को लेकर किया जागरूक

साइबर सेल बीजापुर द्वारा सहकारी बैंक बीजापुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को ATM फ्रॉड, OTP ठगी और संदिग्ध लिंक से होने वाले साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। लोगों को समझाइश दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

नैमेड में KYC फ्रॉड और UPI ठगी से बचने की दी जानकारी

थाना नैमेड द्वारा SBI शाखा नैमेड में शाखा प्रबंधक श्री प्रवीण कुमार के सहयोग से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों एवं बैंक ग्राहकों को KYC फ्रॉड, UPI/QR कोड ठगी, फर्जी कॉल एवं लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस ने लोगों से कहा कि बैंक या किसी सरकारी संस्था के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल और मैसेज पर भरोसा न करें तथा अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

जांगला में ग्रामीणों और पुनर्वासित माओवादियों को दी साइबर सुरक्षा की जानकारी

थाना जांगला पुलिस द्वारा ग्रामीणों एवं पुनर्वासित माओवादियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए महत्वपूर्ण सावधानियां बताई गईं। उन्हें OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV और पासवर्ड किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साथ ही संदिग्ध लिंक से दूर रहने और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई।

पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर बैंक खाते और निजी जानकारी हासिल करते हैं। ऐसे में जागरूकता और सावधानी ही साइबर ठगी से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।

पुलिस की अपील—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें

साइबर जागृति अभियान के माध्यम से पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि OTP, PIN, CVV, पासवर्ड और अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें। अनजान कॉल, मैसेज, लिंक और QR कोड से सावधान रहें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *