16अगस्त 2026/
मुंबई। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को पान मसाला के कथित अप्रत्यक्ष प्रचार के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तीनों अभिनेताओं को यह नोटिस 14 अगस्त को भेजा गया है। FDA ने आरोप लगाया है कि ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन के जरिए प्रतिबंधित पान मसाला ब्रांड का परोक्ष प्रचार किया जा रहा है।
विज्ञापन को लेकर FDA ने उठाए सवाल
FDA के मुताबिक विज्ञापन में इस्तेमाल किया गया ब्रांड नाम, संवाद, प्रस्तुतीकरण और बाजार में ब्रांड की पहचान ऐसे सवाल खड़े करते हैं कि क्या यह वास्तव में किसी प्रतिबंधित तंबाकू या पान मसाला उत्पाद का सरोगेट विज्ञापन है।
नोटिस में अभिनेताओं से यह साबित करने के लिए दस्तावेज मांगे गए हैं कि ‘विमल इलायची’ एक स्वतंत्र रूप से बाजार में बिकने वाला उत्पाद है या इसका इस्तेमाल पान मसाला/तंबाकू उत्पादों के अप्रत्यक्ष प्रचार के लिए किया जा रहा है।
एंडोर्समेंट की पूरी जानकारी मांगी
FDA ने तीनों अभिनेताओं से एंडोर्समेंट एग्रीमेंट, कैंपेन ब्रीफ, उत्पाद से संबंधित जानकारी, भुगतान और प्रचार से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी मांगी है। इसके अलावा विज्ञापन एजेंसी और ब्रांड के मालिक से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत करने को कहा गया है।
साथ ही जिन टीवी चैनलों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर ये विज्ञापन प्रसारित हुए, उनकी जानकारी और विज्ञापन प्रसारित होने की अवधि भी मांगी गई है।
15 दिन में देना होगा जवाब
नोटिस मिलने की तारीख से 15 दिनों के भीतर लिखित जवाब और जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा गया है। अभिनेता स्वयं या अपने अधिकृत प्रतिनिधि के जरिए व्यक्तिगत सुनवाई की मांग भी कर सकते हैं।
FDA ने स्पष्ट किया है कि तय समय में जवाब नहीं मिलने या जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
महाराष्ट्र में पान मसाला पर प्रतिबंध
महाराष्ट्र सरकार ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 30(2)(a) के तहत 13 जुलाई 2026 से एक वर्ष के लिए पान मसाला के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। राज्य में तंबाकू और निकोटिन युक्त गुटखा व पान मसाला पर वर्ष 2012 से प्रतिबंध लागू है।
10 लाख रुपये तक हो सकता है जुर्माना
FDA ने मामले में FSS Act की धारा 24 और 53 का हवाला दिया है। धारा 24 भ्रामक खाद्य विज्ञापनों पर रोक लगाती है, जबकि धारा 53 के तहत भ्रामक विज्ञापन के लिए 10 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
अब नजर इस बात पर है कि शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ FDA के नोटिस का क्या जवाब देते हैं और क्या वे यह साबित कर पाते हैं कि विज्ञापन वास्तव में किसी स्वतंत्र इलायची उत्पाद का प्रचार था, न कि प्रतिबंधित पान मसाला का अप्रत्यक्ष विज्ञापन।