जगदलपुर, 16 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा 2026 रविवार को बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में कड़ी सुरक्षा और चाक-चौबंद प्रशासनिक व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के नेतृत्व में जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दोनों पालियों की परीक्षा सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित की गई।
डिप्टी कलेक्टर मनीष वर्मा से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार परीक्षा केंद्र में कुल 469 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। सुबह 9 से 11:30 बजे तक आयोजित प्रथम पाली में 336 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 133 अनुपस्थित रहे। वहीं दोपहर 2 से 4:30 बजे तक हुई द्वितीय पाली में 337 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 132 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में उपस्थिति 71 प्रतिशत से अधिक दर्ज की गई।
परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल-विहीन बनाए रखने के लिए आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के संयुक्त उड़नदस्ते लगातार परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते रहे। परीक्षा कार्य में लगे वीक्षकों सहित अन्य अमले के लिए मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहा।
जिला प्रशासन की सतर्कता और बेहतर समन्वय के चलते परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई। प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया।