नशे के खिलाफ बस्तर पुलिस का बड़ा एक्शन: पंजाब का आरोपी नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार, 50 हजार का माल जब्त

जगदलपुर, 16अगस्त 2026। नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत जगदलपुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली टेबलेट की बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से Diphenoxylate Hydrochloride & Atropine Sulphate Tablets IP (Lomotil) की 5 पत्तियों में कुल 285 नशीली गोलियां तथा बिना नंबर की हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति इंद्रावती पुराने पुल के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल लेकर नशीली गोलियों की बिक्री के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान मंगल सिंह (40), निवासी ग्राम टोंग, थाना ब्यास, जिला अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कमर में रखे बेल्ट बैग से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बरामद टेबलेट के संबंध में कोई वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पूछताछ में इन्हें बिक्री के लिए रखना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर विशेष न्यायालय (NDPS), जगदलपुर भेज दिया है।

बताया गया है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ थाना परपा में चोरी से संबंधित मामला दर्ज होना भी सामने आया है।

बस्तर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की छोटी से छोटी मात्रा की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ भी अभियान आगे जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *