गांधी जयंती पर रोफरा गांव में गूंजा स्वच्छता का संदेश, ग्रामीणों ने किया सामूहिक श्रमदान

कोंडागांव, 03 अक्टूबर 2026। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2अक्टूबर को केशकाल विकासखंड के ग्राम कुमुड के रोफरा में ग्राम सभा की पहल पर सामूहिक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव की गलियों, सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की।

अभियान में सामुदायिक वन संसाधन अधिकार समिति, ग्राम सभा के अध्यक्ष, पंच तथा महिला-पुरुष ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की निरंतर जिम्मेदारी है।

रोफरा में सामुदायिक वन संसाधन अधिकार (सीएफआरआर) मिलने के बाद से ग्रामीण सामूहिक जिम्मेदारी की भावना के साथ गांव के विकास और स्वच्छता के लिए समय-समय पर स्वयं श्रमदान करते आ रहे हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गांधी जयंती पर ग्रामीणों ने स्वच्छ और सुंदर गांव के निर्माण का संकल्प लिया।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को कचरा नहीं फैलाने, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता के प्रति दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर “मेरा गांव–मेरी जिम्मेदारी”, “स्वच्छ ग्राम–स्वस्थ ग्राम–सुंदर ग्राम” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया गया।

ग्राम सभा की ओर से सभी ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने घरों के साथ-साथ गलियों, सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। ग्रामीणों ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही गांव को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *