पूजा का सामान समझकर नहर में बहा दिए 2 लाख रुपये, बाद में याद आई तो मचा हड़कंप

08 मार्च 2026

सूरत। शहर के पूना रोड इलाके में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जहां एक परिवार से बड़ी गलती हो गई। घर में हुए धार्मिक अनुष्ठान के बाद पूजा सामग्री के साथ गलती से दो लाख रुपये भी नहर में बहा दिए गए।
जानकारी के अनुसार, पूना रोड स्थित एक सोसायटी में रहने वाले परिवार ने घर में पूजा-पाठ और अनुष्ठान कराया था। पूजा के बाद फूल और अन्य सामग्री को एक थैली में इकट्ठा कर नहर में विसर्जित कर दिया गया। कुछ देर बाद जब घर में तिजोरी और सामान की जांच की गई तो पता चला कि उसी थैली में नकदी के बंडल भी रखे थे, जो गलती से पूजा सामग्री के साथ ही बहा दिए गए।
घटना का पता चलते ही परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम को पानी में 500 रुपये के नोटों के चार बंडल मिले, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये थी।
तलाशी अभियान के दौरान नहर में मौजूद कांच और मलबे की वजह से फायर ब्रिगेड के दो जवान हल्के घायल भी हो गए। हालांकि, कड़ी मेहनत के बाद पूरी रकम सुरक्षित निकाल ली गई और परिवार को वापस सौंप दी गई।
परिवार ने राहत की सांस लेते हुए फायर ब्रिगेड की टीम का आभार जताया और उनकी तत्परता की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *