कुएं में गिरा तेंदुआ, पाइप पकड़कर बचाई जान… दहाड़ से गांव में मचा हड़कंप

8मई2026

बालोद जिले के ग्राम जगतरा में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खेत के एक गहरे कुएं में तेंदुआ गिरा हुआ मिला। तेंदुए की दहाड़ सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि तेंदुआ कुएं में गिरने के बाद बाहर निकलने के लिए संघर्ष करता रहा। खुद को डूबने से बचाने के लिए वह कुएं के अंदर लगे पाइप को पकड़कर काफी देर तक लटका रहा। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक तेंदुए की उम्र करीब 3 से 4 साल बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अधिकारियों ने कुएं में सीढ़ी उतारी है, वहीं तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पिंजरे की भी व्यवस्था की जा रही है। पिछले कई घंटों से वन अमला लगातार रेस्क्यू में जुटा हुआ है।
तेंदुए की मौजूदगी और उसकी तेज दहाड़ से गांव में भय का माहौल बना हुआ है। भीड़ को नियंत्रित करने में वन विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने पुलिस के देर से पहुंचने पर नाराजगी भी जताई।
फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुटी हुई है और पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *