दंतेवाड़ा। जिले के गीदम थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। त्वरित कार्रवाई करते हुए गीदम पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 जून 2026 को एक व्यक्ति ने थाना गीदम में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG-05-R-0568 तथा उसके गैरेज में मरम्मत के लिए आई मोटरसाइकिल CG-18-EN-1935 को अज्ञात चोर हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर जावंगा के पास से चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना गीदम में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच की गई। मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान कर पूछताछ की।
पूछताछ में राम मरावी (27 वर्ष), निवासी तोड़ापारा ईरपानार, जिला कोंडागांव तथा राम रवानी (19 वर्ष), निवासी जावंगा, थाना गीदम, जिला दंतेवाड़ा ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कर ली गईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शशिकांत यादव, सहायक उप निरीक्षक प्रशांत सिंह, वेद साहू, प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह, नथलू कवासी तथा आरक्षक बालचंद गावड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दंतेवाड़ा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें, सुरक्षा उपाय अपनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या डायल 112 को दें।