जगदलपुर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने शनिवार को जगदलपुर प्रवास के दौरान शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में सभी परियोजनाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने पावर हाउस चौक स्थित फिल्टर प्लांट तथा महारानी वार्ड में लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नयामुंडा फिल्टर प्लांट का जायजा लिया। उन्होंने पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नागरिकों को बेहतर और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने पीजी कॉलेज धरमपुरा में करीब 11.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। श्री साव ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को जल्द से जल्द आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने छत्रपति शिवाजी वार्ड में लगभग 79 लाख रुपये की लागत से चल रहे पण्डरीतरई तालाब सौंदर्यीकरण कार्य और करीब 3.71 करोड़ रुपये की लागत से संचालित गंगामुड़ा तालाब सौंदर्यीकरण परियोजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडेय, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, एसडीएम ऋषिकेश तिवारी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री को विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी।