गाजीपुर में विनीत राय हत्याकांड को लेकर पिता की तहरीर पर दूसरी FIR दर्ज, 2023 में होटल के बार में धमकी और शराब ले जाने का भी आरोप
गाजीपुर। 30अगस्त 2026/होटल बिंदु के मालिक आलोक राय उर्फ डबलू राय के बेटे विनीत राय उर्फ हनी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और मुकदमा दर्ज किया है। इस बार होटल मालिक की ओर से कटरा गैंग डी-63 के कथित सरगना रामनरेश राय, गोड़ा ग्राम प्रधानपति संजय बिंद समेत सात लोगों को नामजद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 9:22 बजे आलोक राय की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में हत्या की साजिश के साथ करीब ढाई साल पुरानी एक घटना का भी उल्लेख किया गया है।
बार में घुसकर धमकाने और शराब ले जाने का आरोप
आलोक राय ने पुलिस को बताया कि 27 दिसंबर 2023 को कटरा गैंग से जुड़े कुछ लोग उनके होटल के लाइसेंसी बार में पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने हथियारों के बल पर मैनेजर को डराया-धमकाया और बड़ी मात्रा में बीयर व शराब लेकर चले गए।
होटल मालिक का कहना है कि घटना की सूचना उस समय शहर कोतवाली पुलिस को दी गई थी, लेकिन कथित तौर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ते गए।
बेटे की हत्या को लेकर भी लगाए गंभीर आरोप
तहरीर में आगे कहा गया है कि 28/29 मई की रात विनीत राय उर्फ हनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आलोक राय ने नामजद आरोपियों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है और पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर रामनरेश राय, संजय बिंद, कमलेश बिंद, सुमित पांडेय उर्फ टुन्नी, रहमान उर्फ गोल्डेन, सौरभ तिवारी और शिवम दूबे के खिलाफ BNS की धारा 147, 504, 506, 120बी और 384 के तहत केस दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। नामजद किए गए लोगों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।