रायपुर, 29 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप के जरिए शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर वेतन भुगतान करने के फैसले पर विवाद गहराता जा रहा है। प्रदेशभर के शिक्षक नेटवर्क और तकनीकी समस्याओं के कारण उपस्थिति दर्ज नहीं होने की शिकायत कर रहे हैं। इसी बीच लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने जुलाई माह का वेतन VSK ऐप में दर्ज उपस्थिति के आधार पर जारी करने के निर्देश दिए हैं, जिससे शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई है।
मामले पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि सरकार का उद्देश्य शिक्षकों को परेशान करना नहीं, बल्कि व्यवस्था को पारदर्शी और बेहतर बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ऐप में किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि सामने आती है तो विभाग उसकी जानकारी लेकर आवश्यक सुधार करेगा। हालांकि फिलहाल वेतन भुगतान संबंधी आदेश में बदलाव के संकेत नहीं दिए गए हैं।
वहीं, सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन, शालेय शिक्षक संघ, संयुक्त शिक्षक संघ, नवीन शिक्षक संघ और सर्व शिक्षक संघ सहित कई संगठनों ने इस फैसले का विरोध शुरू कर दिया है। शिक्षक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज किया जाएगा।