ओडिशा23 जुलाई 2026/ढेंकानाल शादी समारोह की खुशियां उस समय चीख-पुकार और मातम में बदल गईं, जब बारात से लौट रहे युवकों की एसयूवी अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे इंदीपुर-छतिया मार्ग पर सात लोग एक शादी समारोह से वापस अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और एसयूवी सीधे सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। वाहन कुछ ही क्षणों में पानी में समा गया, जिससे अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दो लोगों को जिंदा बाहर निकाल लिया गया, लेकिन पांच युवकों को बचाया नहीं जा सका। आशंका है कि पानी में फंसने और दम घुटने से उनकी मौत हुई।
मृतकों की पहचान चंद्रकांत स्वैन, अभिजीत साहू, श्रीराम साहू, राकेश साहू और अविनाश साहू के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी को तालाब से बाहर निकाल लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एक रात पहले जिन घरों में शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। इस हादसे ने पांच परिवारों से उनके अपनों को हमेशा के लिए छीन लिया।
शादी से लौट रही बारात पर काल बनकर टूटा हादसा, तालाब में डूबी SUV; 5 युवकों की मौत