जगदलपुर20सितंबर 2026/संजय मार्केट में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां डोसा सेंटर लगाने वाले 16 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, युवक सुबह करीब 7:30 बजे रोजाना की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचा था। साफ-सफाई करने के बाद वह ठेले के ऊपर चढ़कर उस पर लगी तिरपाल को ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह वहां से गुजर रहे कटे हुए बिजली के खुले तार के संपर्क में आ गया।
करंट लगते ही युवक झुलस गया और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने पुलिस तथा परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
हादसे के बाद संजय मार्केट में शोक का माहौल है। वहीं, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसा कैद हुआ दिखाई दे रहा है।