30 लाख का इनामी नक्सली कमांडर बृजेश गंझू एनकाउंटर में ढेर, वाराणसी में UP ATS की बड़ी कार्रवाई

21सितम्बर 2026/

वाराणसी में उत्तर प्रदेश ATS ने रविवार सुबह झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) के कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को एनकाउंटर में मार गिराया। बृजेश पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। झारखंड सरकार ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर 25 लाख और NIA ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस के मुताबिक, बृजेश अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय की ओर जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर UP ATS की टीम ने उसे रोककर गिरफ्तार करने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। इसके बाद हुई जवाबी फायरिंग में बृजेश घायल हो गया।

घायल बृजेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, बृजेश की ओर से की गई फायरिंग में UP ATS के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं। दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक बृजेश गंझू झारखंड में प्रतिबंधित TPC का प्रमुख कमांडर था और NIA को भी कई मामलों में उसकी तलाश थी। घटना के बाद मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने और आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *