जगदलपुर, 21 सितंबर 2026। बस्तर जिले के तोकापाल ब्लॉक के ग्राम करंजी निवासी 27 वर्षीय नितेश कश्यप के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना मुश्किल वक्त में बड़ा सहारा बनी। लंबे समय से पेट दर्द की असहनीय पीड़ा से परेशान नितेश जब गांव के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचे, तो उन्हें प्राथमिक उपचार और दवाएं दी गईं। दवाइयों से राहत नहीं मिलने पर दोबारा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर प्रीति बघेल ने उनकी स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्हें तत्काल महारानी जिला अस्पताल, जगदलपुर रेफर किया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने नितेश की खून की जांच, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन सहित आवश्यक जांचें कराईं। जांच में उनके लिवर में कैंसर की पुष्टि हुई। गंभीर बीमारी का पता चलने के बाद परिवार के सामने इलाज के खर्च की चिंता भी थी, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें आयुष्मान भारत योजना के तहत उपलब्ध निःशुल्क उपचार की जानकारी दी।
योजना के अंतर्गत मिलने वाले 5 लाख रुपये तक के कैशलेस स्वास्थ्य सुरक्षा कवच के माध्यम से नितेश का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। उपचार के बाद अब नितेश स्वस्थ हैं और सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।
नितेश ने भावुक होकर कहा कि आयुष्मान भारत योजना उनके लिए नई जिंदगी का सहारा बनी। उन्होंने लोगों से अपील की कि पात्र परिवार योजना का लाभ जरूर उठाएं। समय पर स्वास्थ्य कर्मियों की पहल, चिकित्सकीय जांच और योजना से मिले आर्थिक संबल ने नितेश के इलाज को संभव बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।