जगदलपुर। 4अक्टूबर 2026/बस्तर की मिट्टी से जुड़ी युवा सना खान अब बड़े पर्दे की दुनिया में अपनी पहचान बनाने जा रही हैं। सना खान ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा है और वह आगामी हॉरर फिल्म ‘काली खेती’ की निर्माता हैं।
हारिस इम्तियाज़ खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में जैकी श्रॉफ, शरद केलकर, नेहा सरगम, वीरेंद्र सक्सेना और शाजी चौधरी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
‘काली खेती’ की कहानी ग्रामीण परिवेश की पृष्ठभूमि में तैयार की गई है, जिसमें खेती-किसानी, परिवार और छिपे हुए रहस्यों को डर और रोमांच के साथ जोड़ा गया है। फिल्म का पोस्टर पहले ही दर्शकों के सामने आ चुका है।
बस्तर से जुड़ी सना खान के लिए यह फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक अहम शुरुआत है। बॉलीवुड में निर्माता के तौर पर उनकी एंट्री ने उन्हें बस्तर की उन युवा प्रतिभाओं में शामिल कर दिया है, जो अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ रही हैं।