तीन दिन से लापता था मधुबनी का बिरजू सदा, दोनों हाथ बंधे मिले; लगातार वारदातों से मजदूरों में दहशत
कटिहार 22नवंबर 2026/बिहार के कटिहार जिले में मखाना प्रसंस्करण का काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कोढ़ा थाना क्षेत्र में महज 10 दिनों के भीतर दो मखाना मजदूरों की हत्या के मामले सामने आए हैं। ताजा घटना में मधुबनी जिले के रहने वाले 22 वर्षीय मजदूर बिरजू सदा का शव गोरगामा गांव की बांसबाड़ी से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बिरजू सदा मधुबनी जिले के भेजा थाना क्षेत्र के बरसाम गांव का रहने वाला था। वह रोजगार के सिलसिले में कटिहार के कोढ़ा क्षेत्र में रहकर मखाना फोड़ने का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले तीन दिनों से लापता था। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच शनिवार को ग्रामीणों ने बांसबाड़ी में उसका शव पड़ा होने की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के दोनों हाथ रस्सी से बंधे मिले। उसके गले पर दबाव के निशान और बाईं आंख के ऊपर चोट के निशान भी पाए गए। इन परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसडीपीओ-2 सुनील कुमार शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए भागलपुर से एफएसएल की टीम बुलाई गई, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी पंकज आनंद के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
10 दिन पहले भी हुई थी एक मजदूर की हत्या
कोढ़ा क्षेत्र में यह 10 दिनों के भीतर मखाना मजदूर की दूसरी हत्या है। इससे पहले 10 नवंबर को दरभंगा जिले के रहने वाले सुरेश साहनी की विवाद के दौरान हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि पटाखा छोड़ने को लेकर हुए विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे सुरेश पर हमला किया गया था। वह भी कोढ़ा क्षेत्र में मखाना फोड़ने का काम करते थे।
मखाना कारोबार पर भी पड़ सकता है असर
कटिहार में मखाना उत्पादन और प्रसंस्करण के लिए मधुबनी, दरभंगा समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में मजदूर आते हैं। लगातार दो मजदूरों की हत्या की घटनाओं ने श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि मजदूरों में असुरक्षा की भावना बढ़ती है, तो इसका असर मखाना प्रसंस्करण और स्थानीय कारोबार पर भी पड़ सकता है।
फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं की परिस्थितियों और नए मामले के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।