जगदलपुर, 11 जुलाई। बस्तर पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मेटगुड़ा निवासी रोशन ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जून 2026 को वह आसना से पनारा पारा की ओर जा रहा था। इस दौरान स्कूल के पास खड़े अनिल बघेल ने उसे रोककर गाली-गलौज की, मारपीट की और जेब से 1,500 रुपये नकद तथा करीब 10 हजार रुपये कीमत का रियलमी कंपनी का मोबाइल लूटकर फरार हो गया।
मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने वारदात कबूल कर ली। आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अनिल कुमार बघेल पनारा पारा का निवासी है और वह आदतन बदमाश है। वह पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के मामले में भी जेल जा चुका है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटने वाला आदतन बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया लूटा गया मोबाइल