तीन विकासखंडों पर विशेष फोकस, 25 फरवरी तक चलेगा सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम जगदलपुर, 13 जनवरी 2026/ बस्तर जिले को फाइलेरिया (हाथी पांव) जैसी गंभीर बीमारी से पूर्णतः मुक्त करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक रणनीति के साथ तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक सामूहिक दवा सेवन अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान की प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को कलेक्टर हरिस एस की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत जिले के तोकापाल, बस्तर और बकावंड विकासखंडों को विशेष फोकस क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है। अभियान के दौरान फाइलेरिया से बचाव की दवा व्यापक स्तर पर खिलाई जाएगी। हालांकि दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी। इसके अतिरिक्त शेष सभी नागरिकों को स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ताओं की प्रत्यक्ष निगरानी में दवा सेवन कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस अभियान को केवल स्वास्थ्य विभाग तक सीमित न रखते हुए इसे जन-आंदोलन का रूप देने की योजना बनाई है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा विभाग के मैदानी अमले तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, सहायक कलेक्टर विपिन दुबे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, महारानी अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जगदलपुर/छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित भूमकाल स्मृति दिवस रैली के दौरान कुख्यात नक्सली माड़वी हिडमा के समर्थन में गीत बजाए जाने का मामला राजनीतिक बहस […]