राष्ट्रीय युवा दिवस पर करीतगांव स्कूल में प्रेरणा का संचार

स्वामी विवेकानंद के विचारों से विद्यार्थियों ने भरा जोश, लिया लक्ष्य प्राप्ति का संकल्प
जगदलपुर, 14 जनवरी 2026/
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करीतगांव में सोमवार 12 जनवरी 2026 को स्वामी विवेकानंद जी की 164वीं जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में आत्मसात करने और लक्ष्य प्राप्ति का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर तिलक एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सुस्वागतम गीत ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी बना दिया। कु. मोनिका कश्यप, कु. खुशबू कश्यप, कु. रोशनी नाग एवं कु. नैना कश्यप ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं कु. रूपाली सेठिया, कु. पद्मिनी नाग एवं कु. भगवती बघेल ने आवाहन गीत गाया। अजय सेठिया एवं हेमंत बघेल द्वारा प्रस्तुत लक्ष्य गीत ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और ऊर्जा का संचार किया।
बौद्धिक सत्र में विद्यालय के व्याख्याता राजेंद्र कलिहारी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन एवं वेदांत दर्शन पर प्रकाश डालते हुए उनके ओजस्वी विचारों से छात्रों को अवगत कराया। व्याख्याता मोहम्मद अकबर खान ने स्वामी विवेकानंद और उनके गुरु रामकृष्ण परमहंस के बीच के आदर्श गुरु-शिष्य संबंधों को रेखांकित किया और गुरु के प्रति श्रद्धा एवं आज्ञापालन के महत्व को समझाया।
इस अवसर पर व्याख्याता लुप्तेश्वर आचार्य ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारण का महत्व बताते हुए स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध कथन “उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक मत रुको” के माध्यम से निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस इकाई के कार्यक्रम अधिकारी राहुल सिंह ठाकुर, सहायक कार्यक्रम अधिकारी वाणी हुमने एवं लोकेश निषाद की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में व्याख्याता अनीता पाणिग्रही, रीना दास सहित एनएसएस स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *