कलाकारों के लिए खुशखबरी! ‘बस्तर पंडुम 2026’ अब 6 से 8 फरवरी तक

बस्तर के सात जिलों के कलाकार दिखाएंगे प्रतिभा, विशिष्ट अतिथियों को मिलेगा विशेष आमंत्रण
जगदलपुर, 13 जनवरी 2026/
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित होने वाले बस्तर संभाग के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन “बस्तर पंडुम 2026” की समय-सारिणी में आंशिक संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 06 से 08 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।
संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव द्वारा बस्तर संभाग के सभी सात जिलों — बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कांकेर, कोंडागांव एवं नारायणपुर के कलेक्टरों को पत्र जारी कर नए कार्यक्रम के अनुसार आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन चरणों में होगा आयोजन
जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिताएं तीन स्तरों पर आयोजित की जाएंगी—
जनपद स्तर पर 10 से 20 जनवरी 2026 तक ग्राम पंचायतों के कला दलों के बीच 12 पारंपरिक विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी।
जनपद स्तर से चयनित दल 24 से 29 जनवरी 2026 के बीच जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
जिला स्तर के विजेता कलाकार अब 06 से 08 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
बस्तर के गौरवशाली व्यक्तित्व होंगे विशेष अतिथि
“बस्तर पंडुम 2026” को और अधिक भव्य व प्रेरणादायक बनाने के लिए संस्कृति विभाग ने विशेष पहल की है। विभाग ने निर्देशित किया है कि बस्तर संभाग के ऐसे मूल निवासी, जो वर्तमान में यूपीएससी, सीजीपीएससी से चयनित अधिकारी, बैरिस्टर, डॉक्टर, इंजीनियर एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं, उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए।
प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि इन प्रतिष्ठित व्यक्तियों की सूची तैयार कर उन्हें सम्मानपूर्वक आमंत्रण भेजने की अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *