जगदलपुर, 11 फरवरी 2026।
कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर शासकीय प्राथमिक शाला एरंडवाल में बच्चों के अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री ने स्कूल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मध्यान्ह भोजन में पत्ता गोभी की सब्जी खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी। शिक्षकों सुनील मिंज और नीला राम बघेल ने बताया कि भोजन उपरांत बच्चों को एल्बेंडाजोल (फाइलेरिया) की दवा भी दी गई थी। सूचना मिलते ही आरएमए राजेंद्र कुमार साहू और बड़े आरापुर की सीएचओ रिंकी भगत मौके पर पहुंचकर प्रभावित बच्चों का उपचार शुरू किया।
घटना में कुल 24 बच्चे प्रभावित पाए गए, जिनमें 10 बालक और 14 बालिकाएं शामिल हैं। कक्षा दूसरी की छात्रा मंगली (8 वर्ष), पिता फूलसिंह, को अधिक कमजोरी महसूस होने पर निगरानी के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तोकापाल में भर्ती किया गया है।
ग्राम की मितानिन सोनदाई, लच्छमति, सुबली तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मेटे मौर्य और दिनेश्वरी बघेल भी मौके पर मौजूद रहीं। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ साव ने बताया कि सभी बच्चों का उपचार कर लिया गया है और अब उनकी स्थिति सामान्य है।
मिड-डे मील के बाद 24 स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ी, सीएमएचओ ने पहुंचकर संभाली स्थिति