टपकती छत से पक्के आशियाने तक: प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली मसूराम सेठिया के परिवार की तकदीर

जगदलपुर, 08 जून 2026। कभी कच्चे मकान में बारिश, सीलन और मौसम की मार झेलने को मजबूर रहे तोकापाल विकासखंड के ग्राम छापर भानपुरी निवासी मसूराम सेठिया का पक्के घर का सपना अब हकीकत बन चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली सहायता ने उनके परिवार की जिंदगी में नया सवेरा ला दिया है।

करीब एक एकड़ कृषि भूमि पर धान की खेती और मजदूरी कर छह सदस्यीय परिवार का भरण-पोषण करने वाले मसूराम वर्षों से आर्थिक तंगी के कारण पक्का मकान नहीं बना पा रहे थे। बरसात के दिनों में टपकती छत और जर्जर दीवारें परिवार के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई थीं। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई।

योजना के तहत मिले आवास से अब उनका परिवार सुरक्षित और सुविधायुक्त घर में रह रहा है। मसूराम बताते हैं कि अब बारिश, आंधी और खराब मौसम की चिंता नहीं रहती। परिवार को सुरक्षित वातावरण मिलने से जीवन में स्थिरता और मानसिक संतोष आया है।

नए घर से उत्साहित मसूराम ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अपनी बचत से दो अतिरिक्त कमरे बनाने का फैसला भी किया है। उनका बेटा, बहू और दो नाती भी साथ रहते हैं, इसलिए बढ़ते परिवार के लिए अतिरिक्त जगह जरूरी है। उनका मानना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने केवल एक मकान नहीं दिया, बल्कि उनके परिवार को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का विश्वास भी प्रदान किया है।

मसूराम सेठिया शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि यह योजना ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना ने हजारों परिवारों की तरह उनके सपनों को भी नया आकार दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *