आत्मसमर्पित नक्सलियों की सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुम्माडोंग पहाड़ी से हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त
8जून2026
सुकमा। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना किस्टाराम क्षेत्र के कुम्माडोंग जंगल-पहाड़ी में पूर्व में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। यह कार्रवाई आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे पूर्व नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर चलाए गए सर्च अभियान के दौरान की गई।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में 29 मई 2026 को जिला पुलिस बल द्वारा क्षेत्र में सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने जंगल में छिपाए गए डम्प स्थल का पता लगाया और वहां से एक इंसास रायफल, दर्जनों कारतूस, कॉर्डेक्स वायर, मैग्जीन, वायरलेस सेल समेत अन्य सामग्री बरामद की।
बरामद सामग्री में 01 इंसास रायफल, 49 इंसास कारतूस, 12 एसएलआर कारतूस, 27 .303 कारतूस, 16 आठ एमएम कारतूस, 07 मस्केट कारतूस, 07 बारह बोर कारतूस, लगभग 30 मीटर कॉर्डेक्स वायर, 03 इंसास मैग्जीन, 06 वायरलेस सेल, एक पोच और एक स्टील डब्बा शामिल है।
पुलिस के अनुसार नक्सली संगठन ने इन हथियारों और विस्फोटक सामग्रियों को भविष्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखा था। सुरक्षा बलों की सतर्कता और लगातार चल रहे अभियानों के कारण नक्सलियों की इस साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया।
जिला पुलिस सुकमा ने कहा है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने तथा नक्सलियों की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।