बीजापुर। जिले के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में थाना भोपालपटनम एवं थाना फरसेगढ़ की सरहद पर स्थित नेशनल पार्क एरिया के दुर्गम जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। 17 से 18 जनवरी 2026 तक चली मुठभेड़ में नेशनल पार्क एरिया कमेटी के इंचार्ज DVCM दिलीप बेड़जा (इनाम 8 लाख) सहित कुल 6 माओवादी कैडर ढेर किए गए, जिनमें 4 महिला माओवादी शामिल हैं। मारे गए माओवादियों पर कुल 27 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर DRG बीजापुर, DRG दंतेवाड़ा, STF, CoBRA (202, 206, 210) एवं CRPF 214 की संयुक्त टीम को अभियान पर रवाना किया गया था। 17 जनवरी की सुबह से ही सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग शुरू हुई, जो 18 जनवरी की शाम तक चली।
सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से DVCM दिलीप बेड़जा, ACM माड़वी कोसा, ACM पालो पोड़ियम, ACM लक्खी मड़कम, PM जुगलो बंजाम एवं PM राधा मेट्टा के शव बरामद किए गए। मौके से 02 नग AK-47, 01 नग 5.56 INSAS, 02 नग .303 राइफल, 01 नग कार्बाइन, बीजीएल लांचर, गोला-बारूद, विस्फोटक, वायरलेस सेट, स्कैनर, माओवादी साहित्य, वर्दी, मेडिकल सामग्री सहित भारी मात्रा में नक्सली सामग्री जब्त की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि DVCM दिलीप बेड़जा पर बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में कुल 135 आपराधिक मामले दर्ज थे। वह साल्हेपल्ली ग्रामीण हत्या कांड, रानीबोदली कैम्प हमला, कांडलापर्ती, छोटेकाकलेर एवं अन्नापुर-टेकामेटा मुठभेड़ों सहित कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है।
19 जनवरी 2026 को बीजापुर जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, डीआईजी ऑप्स बीजापुर सेक्टर बी.एस. नेगी, कोबरा 202 के कमांडेंट अमित कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने कहा कि निरंतर आसूचना-आधारित अभियानों और स्थानीय समुदाय के सहयोग से बस्तर में माओवादी प्रभाव तेजी से सिमटा है। कई कैडर आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं। उन्होंने शेष माओवादियों से हिंसा छोड़ आत्मसमर्पण की अपील की, अन्यथा कानून के तहत सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में बीजापुर जिले में 163 माओवादी मुठभेड़ों में मारे गए, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 8 माओवादी ढेर हुए हैं। जनवरी 2024 से अब तक कुल 229 माओवादी मारे गए, 1126 गिरफ्तार हुए और 876 ने आत्मसमर्पण किया है।
अभियान के दौरान दुर्गम परिस्थितियों में कोबरा 206 के प्रधान आरक्षक नीरज शर्मा भालू के हमले में तथा STF के प्रधान आरक्षक कृष्णा नेताम वनभैंसा के हमले में घायल हुए, जिन्हें सुरक्षित निकालकर उपचार हेतु उच्च केंद्र भेजा गया। दोनों जवानों की स्थिति स्थिर बताई गई है।
बीजापुर में बड़ी मुठभेड़: नेशनल पार्क एरिया में 6 माओवादी ढेर, DVCM दिलीप बेड़जा सहित 27 लाख के इनामी कैडर समाप्त 04 महिला माओवादी शामिल, AK-47 समेत स्वचालित हथियार और विस्फोटक बरामद