स्वास्थ्य विभाग में नौकरी का सुनहरा मौक 525 पदों पर भर्ती अंतिम चरण में, कोरोना वॉरियर्स को मिलेगा विशेष लाभ बोनस अंकों के लिए 29 जनवरी तक स्पीड पोस्ट से आवेदन जरूरी

जगदलपुर, 19 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बड़ी पहल की गई है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं के अंतर्गत तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कुल 525 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इस संबंध में बस्तर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने विस्तृत जानकारी जारी की है।
जानकारी के अनुसार व्यापमं द्वारा आयोजित स्टाफ नर्स, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष एवं महिला), वार्ड बॉय एवं वार्ड आया जैसे पदों की परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। विशेष बात यह है कि कोरोना महामारी के दौरान सेवाएं देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को इस भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी।
कोरोना संक्रमण के कठिन दौर में प्रदेश की शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में लगातार कम से कम छह माह तक सेवा देने वाले अस्थायी स्वास्थ्य कर्मियों को चयन प्रक्रिया में बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना अनुभव प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
अनुभव प्रमाण पत्र प्राप्त करने हेतु अभ्यर्थियों को उसी जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में आवेदन करना होगा, जहां उन्होंने कोरोना काल में सेवाएं दी थीं। आवेदन के साथ कार्यादेश, जॉइनिंग रिपोर्ट एवं वेतन संबंधी दस्तावेज संलग्न करना आवश्यक होगा।
स्वास्थ्य विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए स्पष्ट समय-सारिणी तय की है। इसके तहत 14 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक अनुभव प्रमाण पत्र के लिए आवेदन केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि हाथों-हाथ या व्यक्तिगत रूप से दस्तावेज जमा नहीं किए जाएंगे।
प्राप्त आवेदनों का सत्यापन 30 जनवरी से 8 फरवरी 2026 तक विभागीय समिति द्वारा किया जाएगा। इसके पश्चात 10 फरवरी से 18 फरवरी 2026 के बीच प्राविधिक मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट सूची पर आपत्ति होने की स्थिति में अभ्यर्थी 19 फरवरी से 24 फरवरी 2026 के मध्य दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे।
सभी दावों के निराकरण के बाद अंतिम चयन सूची 10 मार्च 2026 को विभागीय वेबसाइट www.cghealth.nic.in पर जारी की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपने दस्तावेज भेजना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *