जगदलपुर, 19 जनवरी 2026/ शहर की ऐतिहासिक धरोहर दलपत सागर को स्वच्छ, सुंदर और प्रेरणादायक बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर संजय पांडेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कलेक्टर हरिस एस, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, एसडीएम ऋषिकेश तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग सहित विभिन्न समाजों, व्यापारिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं परिवहन संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर संजय पांडेय ने कहा कि दीपोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता से जोड़ना एक प्रभावी और सकारात्मक पहल है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शहर की साफ-सफाई केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। दलपत सागर की स्वच्छता और गरिमा बनाए रखने में सभी समाजजन सक्रिय सहभागिता निभाएं।
कलेक्टर हरिस एस ने कहा कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपोत्सव आयोजन में विभिन्न समाजों एवं व्यापारिक संगठनों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। यह आयोजन न केवल ऐतिहासिक दलपत सागर को सहेजने का माध्यम है, बल्कि स्वच्छता के प्रति जन-सजगता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक भी बन चुका है। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों से दीपोत्सव में पहुंचकर इसे उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया।
बैठक में विभिन्न समाज प्रमुखों एवं जनप्रतिनिधियों ने दीपोत्सव को सफल बनाने के लिए स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग, मानव संसाधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाएं, सहभागिता एवं स्वच्छता से जुड़े दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी ने एकजुट होकर दलपत सागर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि आगामी 23 जनवरी को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर जिला प्रशासन एवं नगर निगम जगदलपुर द्वारा दलपत सागर दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। पिछले चार वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह दीपोत्सव अब एक जनआंदोलन और महापर्व का रूप ले चुका है। इस वर्ष आयोजन की विशेष थीम “एक दीया स्वच्छता के नाम और एक दीया वंदे मातरम की 150वीं जयंती के नाम” रखी गई है। साथ ही रंगोली, चित्रकला एवं रील प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।
जनभागीदारी से बन रहा उत्सव का माहौल
दीपोत्सव की भव्यता और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अभी से वातावरण निर्माण किया जा रहा है। दलपत सागर के तट पर प्रतिदिन 101 दीपक प्रज्वलित किए जा रहे हैं, जिसमें विभिन्न समाज प्रमुख, सामाजिक संगठन एवं शहरवासी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि 23 जनवरी को हजारों नागरिकों की उपस्थिति में दो लाख से अधिक दीपों की रोशनी से दलपत सागर जगमगा उठे। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में यह आयोजन एक प्रेरक उदाहरण
स्वच्छता के दीप से जगमगाएगा दलपत सागर दीपोत्सव के माध्यम से जन-जन को जोड़ने की पहल, 23 जनवरी को होगा भव्य आयोजन शहर की सफाई हर नागरिक की जिम्मेदारी – महापौर संजय पांडेय