पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूर मंदिर में चोरी, चोरों ने तोड़े तिजोरी-अलमारियों के ताले; पुलिस गश्त पर उठे सवाल

हल्द्वानी6सितम्बर 2026/शहर में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। मंगल पड़ाव पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित प्राचीन बेणीरामेश्वर शिव मंदिर में शनिवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर मंदिर की तिजोरी और दो अलमारियों के ताले तोड़कर करीब पांच हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।

घटना का पता रविवार सुबह मंदिर पहुंचने पर चला। सूचना मिलते ही पुलिस करीब छह बजे मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर प्रबंधन की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत भी दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

तिजोरी और अलमारियों के ताले तोड़े

मंदिर से जुड़े हेमचंद्र उप्रेती के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले तिजोरी का ताला तोड़ा। इसमें करीब तीन से चार हजार रुपये रखे थे। इसके बाद दो अलमारियों के ताले भी तोड़ दिए गए, जिनमें करीब एक से डेढ़ हजार रुपये नकद रखे थे। चोर पूरी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस चौकी के इतने करीब वारदात से लोगों में नाराजगी

पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर मंदिर में चोरी होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं और रात के समय प्रभावी पुलिस गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *