बस्तर में नशे के सौदागरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.68 लाख की Alprazolam टैबलेट जब्त

ओडिशा से जगदलपुर लाई जा रही थीं 420 नशीली गोलियां, 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; बाइक और मोबाइल समेत 2.08 लाख की संपत्ति जब्त

जगदलपुर, 29 अगस्त 2026। बस्तर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बोधघाट थाना पुलिस ने अवैध प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की तस्करी करते एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Alprazolam की 420 नशीली टेबलेट (28 पत्ते) बरामद की हैं, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 68 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी इन नशीली टेबलेट को अवैध रूप से बिक्री के लिए ओडिशा से अडावाल के रास्ते जगदलपुर लेकर आ रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने ओडिशा रोड स्थित मुस्कान पेट्रोल पंप के पास MCP कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक और उसके वाहन को रोका।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम बादल नाग उर्फ टिन्नी (20 वर्ष), निवासी दंतेश्वरी वार्ड, बैला बाजार, जगदलपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे झोले से Alprazolam की 420 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद हुईं।

📌 2.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीली टेबलेट के अलावा एक पुराना Oppo टच स्क्रीन मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये, तथा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 17 KU 6721, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये है, भी जब्त की है। इस तरह पुलिस ने कुल 2 लाख 8 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशीली टेबलेट रखने, परिवहन करने और बिक्री करने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ धारा 21(B) NDPS Act के तहत अपराध दर्ज कर उसे 29 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया।

आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया।

नशे के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी बोधघाट निरीक्षक टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, सउनि दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहर तथा आरक्षक युवराज ठाकुर और दीपक मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *