मानसून से पहले अलर्ट मोड पर प्रशासन, बाढ़ आपदा से निपटने कंट्रोल रूम सक्रिय

जगदलपुर।12जून मानसून के मद्देनजर बस्तर जिला प्रशासन ने बाढ़ और जलभराव जैसी संभावित आपदाओं से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला एवं तहसील स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों की नियुक्ति कर उनके संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।

कलेक्टोरेट जगदलपुर में जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यहां डिप्टी कलेक्टर हीरा गवर्ना को नोडल अधिकारी और अधीक्षक भू-अभिलेख मोहनलाल भारद्वाज को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का हेल्पलाइन नंबर 07782-222693 जारी किया गया है।

प्रशासन ने तोकापाल, बकावण्ड, लोहण्डीगुड़ा, जगदलपुर, बास्तानार, दरभा, बस्तर, नानगुर, भानपुरी और करपावण्ड तहसीलों में भी बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। इन क्षेत्रों में नियुक्त अधिकारी बाढ़, जलभराव और अन्य आपदा संबंधी परिस्थितियों पर लगातार नजर रखेंगे तथा जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन करेंगे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बाढ़, जलभराव या किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल नियंत्रण कक्ष या संबंधित अधिकारियों को दें। प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान किसी भी चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 07782-222693 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *