सेवा सेतु बना आमजन का भरोसेमंद साथी, अब एक ही जगह मिल रही 441 से अधिक सरकारी सेवाएं

12जून2026

जगदलपुर। सरकारी दफ्तरों के चक्कर, लंबी कतारें और दस्तावेजों के लिए होने वाली परेशानी अब धीरे-धीरे बीते दिनों की बात होती जा रही है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सेवा सेतु केंद्र योजना आम नागरिकों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनकर उभरी है। इस पहल के जरिए अब लोगों को विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो रही हैं।

बस्तर जिले की रहने वाली रामेश्वरी इसकी एक मिसाल हैं। विवाह के बाद उन्हें विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें तय समय सीमा के भीतर प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। रामेश्वरी बताती हैं कि पहले ऐसे कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और मेहनत दोनों अधिक लगते थे। लेकिन सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से पूरी प्रक्रिया बेहद आसान और सुविधाजनक साबित हुई।

उन्होंने बताया कि केंद्र में मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दिया, जिससे बिना किसी परेशानी के उनका काम पूरा हो गया। समय पर प्रमाण पत्र मिलने से उन्होंने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह व्यवस्था आम लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रही है।

राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई सेवा सेतु व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है। वर्तमान में इस प्लेटफॉर्म पर आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-नकल, नाम परिवर्तन संबंधी राजपत्र अधिसूचना सहित 441 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं। इससे नागरिकों को अलग-अलग विभागों और पोर्टलों पर भटकने की जरूरत नहीं पड़ रही है।

सेवा सेतु के आने से प्रशासनिक व्यवस्था में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। पहले जहां ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर सीमित सेवाएं उपलब्ध थीं, वहीं अब इसका दायरा कई गुना बढ़ चुका है। विभिन्न विभागों की सेवाओं को एकीकृत कर नागरिकों के लिए एक प्रभावी और पारदर्शी प्रणाली विकसित की गई है।

ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सेवा सेतु केंद्र लोगों के लिए वन स्टॉप सॉल्यूशन के रूप में उभर रहे हैं। इससे न केवल लोगों का समय बच रहा है, बल्कि सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच भी आसान हुई है। शासन की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचे और सेवा सेतु इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *