28मार्च26
जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र के वंगापल्ली गांव में ग्रामीण युवकों से मारपीट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार 26 मार्च 2026 को दम्पाया निवासी सुनील लम्बाड़ी ने थाना मद्देड़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि वंगापल्ली गांव के करीब 20-25 लोगों ने विकास कावटी और संतोष कावटी के साथ लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस की तेज कार्रवाई के चलते 24 घंटे के भीतर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर 27 मार्च को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रमुखों के साथ बैठक कर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गलतफहमी और तनाव की स्थिति न बने।