2 बच्चों को साथ लेकर करती थी चोरी, महिला चोर गिरफ्तार: 5 मोबाइल और लेडीज पर्स बरामद

जगदलपुर, 26 जुलाई 2026। बस्तर पुलिस ने शहर में अलग-अलग इलाकों में घरों में घुसकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से चोरी के 5 मोबाइल फोन और एक लेडीज पर्स बरामद किया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 1.10 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को पथरागुड़ा क्षेत्र में एक महिला के घर से लेडीज पर्स और सैमसंग मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

जांच के दौरान फुटेज में एक महिला दो बच्चों के साथ शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमती दिखाई दी। संदेह के आधार पर उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने महिला को डिमरापाल अस्पताल के सामने स्थित एक शेड से हिरासत में लिया।

पूछताछ में महिला ने चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर इंद्रावती पुल के नीचे छिपाकर रखे गए 5 मोबाइल फोन और एक लेडीज पर्स बरामद किए गए। महिला ने अन्य स्थानों से भी मोबाइल चोरी करने की बात कबूल की।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंजली उर्फ माधुरी मोदी (32 वर्ष) निवासी तितलागढ़, जिला बलांगीर (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि शहर में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *