अंतिम छोर तक पहुंची योजनाएं: ग्राम करका में श्रम शिविर, 62 श्रमिक हुए पंजीकृत”

जगदलपुर, 20 अप्रैल 2026/ जिले के विकासखंड दरभा अंतर्गत ग्राम करका में सोमवार को श्रम विभाग द्वारा विशेष पंजीयन एवं नवीनीकरण शिविर का आयोजन किया गया। वनांचल क्षेत्र में आयोजित इस शिविर में श्रमिकों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने दस्तावेज लेकर पहुंचे।
शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए गए इस शिविर में दिनभर पंजीयन की प्रक्रिया जारी रही। इस दौरान कुल 62 श्रमिकों का पंजीयन एवं नवीनीकरण किया गया, जिससे वे अब सीधे तौर पर शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के पात्र बन गए हैं।
श्रम पदाधिकारी के अनुसार, शिविर में 29 असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का नवीन पंजीयन किया गया, वहीं भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत 33 श्रमिकों का पंजीयन व नवीनीकरण किया गया।
शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को श्रम कार्ड के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन कार्डों के माध्यम से श्रमिकों को भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और पेंशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *