दंतेवाड़ा, 05 अगस्त 2026। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और जनविश्वास कायम करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दंतेवाड़ा पुलिस के अधिकारियों को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह द्वारा प्रदत्त सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा श्री चंद्रमोहन सिंह (भा.पु.से.) ने जिले के सम्मानित अधिकारियों को प्रशस्ति प्रदान कर उनके साहस, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की।
सम्मानित अधिकारियों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र खुंटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर.के. बर्मन, उप पुलिस अधीक्षक श्री राहुल उइके, उप पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुंभकार, रक्षित निरीक्षक श्री सुशील नौटियाल, निरीक्षक श्री मुकेश ताती, निरीक्षक श्री संजय पोटाम, निरीक्षक श्री संतोष हेमला, निरीक्षक श्री चैतराम गुरुपंच, निरीक्षक श्री रामअवतार पटेल, उप निरीक्षक श्री हजारीलाल मौर्य, उप निरीक्षक श्री लोचन पैकरा तथा उप निरीक्षक श्री कोसा कुंजाम शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह ने सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा पुलिस आगे भी आमजन की सुरक्षा, शांति और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नक्सल उन्मूलन एवं जनसेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा और पेशेवर दक्षता के साथ जारी रखेगी।
उन्होंने सम्मानित अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट कार्यों से जिले और छत्तीसगढ़ पुलिस का गौरव बढ़ाते रहेंगे।