₹500 में साझेदारी: ड्राइवर बनेंगे हिस्सेदार, ‘भारत टैक्सी’ से कमाई का नया मॉडल शुरू

नई दिल्ली:23/02/2026 देश के टैक्सी सेक्टर में सहकारी ढांचे पर आधारित एक नई पहल की शुरुआत करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 5 फरवरी को नई दिल्ली में ‘भारत टैक्सी’ प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। इस पहल का उद्देश्य निजी एग्रीगेटर कंपनियों की तरह भारी कमीशन व्यवस्था खत्म कर सीधे ड्राइवरों को आर्थिक लाभ पहुंचाना बताया गया है।
टैक्सी चालकों से संवाद में शाह ने कहा कि पारंपरिक कंपनियों में मुनाफा मालिकों तक सीमित रहता है, जबकि इस मॉडल में मेहनत करने वाला ही मालिक होगा। उनका जोर था कि कमाई का बड़ा हिस्सा उसी व्यक्ति को मिलना चाहिए जो सड़क पर काम कर रहा है।
सिर्फ 500 रुपये से जुड़ाव
योजना के तहत ड्राइवरों को प्लेटफॉर्म से जुड़ने के लिए मात्र 500 रुपये का निवेश करना होगा। उन्हें सेवाओं का तय किराया तुरंत मिलता रहेगा, जबकि तीन साल बाद कंपनी के मुनाफे में हिस्सेदारी भी दी जाएगी।
मुनाफे का फॉर्मूला
सरकार के अनुसार यदि भविष्य में प्लेटफॉर्म लाभ कमाता है, तो कुल मुनाफे का 20 प्रतिशत पूंजी के रूप में ड्राइवरों के खाते में जोड़ा जाएगा और 80 प्रतिशत राशि उनके वाहन द्वारा तय दूरी (किलोमीटर) के आधार पर वितरित होगी।
इस पहल को सहकारिता मॉडल के जरिए टैक्सी सेक्टर में आय बढ़ाने और ड्राइवरों की आर्थिक सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *