किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी: ऑपरेशन त्राशी-1 में जैश का टॉप कमांडर समेत तीन आतंकी ढेर

जम्मू काश्मीर/22/02/2026जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन “त्राशी-1” के तहत तीन आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में प्रतिबंधित संगठन जैश‑ए‑मोहम्मद का एक टॉप कमांडर भी शामिल बताया जा रहा है। यह संयुक्त अभियान जम्मू‑कश्मीर पुलिस, केंद्रीय बलों और सेना की खुफिया इकाइयों के समन्वय से चलाया गया।
आतंकियों के छिपे होने की मिली थी पुख्ता सूचना
खुफिया सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में सक्रिय आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीमों ने तलाशी अभियान शुरू किया। रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे चतरू बेल्ट के पासेरकुट इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
मिट्टी के घर में छिपे थे आतंकी, शुरू हुई भीषण मुठभेड़
अधिकारियों के मुताबिक एक पहाड़ी पर बने कच्चे मकान में छिपे आतंकियों ने जवानों पर अचानक फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ तेज हो गई। अभियान के दौरान तीनों आतंकियों को ढेर कर दिया गया। मौके से दो AK-47 राइफलें, भारी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है। फिलहाल पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन जारी है।
सेना की व्हाइट नाइट कोर का बयान
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर आतंकियों को पकड़ने और खत्म करने के लिए यह संयुक्त अभियान शुरू किया गया था। जवानों ने दुर्गम इलाके में साहसिक कार्रवाई करते हुए तीन आतंकवादियों को मार गिराया। सेना ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में शांति भंग करने वालों को कहीं भी शरण नहीं मिलेगी।
इस साल सात आतंकी मार गिराए गए
गौरतलब है कि पिछले महीने भी चतरू वन क्षेत्र में कई मुठभेड़ हुई थीं, जिनमें एक सैनिक शहीद हुआ था और एक आतंकी मारा गया था। रविवार की कार्रवाई के बाद इस वर्ष जम्मू क्षेत्र में अलग-अलग अभियानों में जैश-ए-मोहम्मद के कुल सात आतंकवादी ढेर किए जा चुके हैं। इससे पहले उधमपुर और कठुआ जिलों में भी आतंकी मारे गए थे।
सुरक्षाबल फिलहाल इलाके में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं, ताकि कोई भी छिपा हुआ आतंकी बच न सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *