25अगस्त 2026/
असम की ब्रह्मपुत्र नदी में मंगलवार को एक दुर्लभ और हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला। बारपेटा के बागबार इलाके के पहाड़पुर में नदी के बीचोंबीच पानी का एक घूमता हुआ स्तंभ आसमान की ओर उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते इसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने इसे किसी प्राकृतिक आपदा या भूकंप से जोड़कर देखा, लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक पानी के ऐसे बवंडर का भूकंप आने से सीधा संबंध होने का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।
क्या होता है पानी का बवंडर?
पानी के ऊपर बनने वाले इस तरह के घूमते हुए स्तंभ को आमतौर पर वॉटरस्पाउट (जलस्तंभ) कहा जाता है। यह समुद्र, झील या बड़ी नदियों जैसे जलाशयों के ऊपर विशेष मौसम संबंधी परिस्थितियों में बन सकता है। हवा का कम दबाव और तेज घूमती हवाएं पानी को ऊपर की ओर खींचती हैं, जिससे यह खंभे या बवंडर जैसा दिखाई देता है।
2022 में भी दिखा था ऐसा नजारा
ब्रह्मपुत्र में ऐसा दृश्य पहली बार नहीं देखा गया है। मई 2022 में भी असम के बारपेटा और ब्रह्मपुत्र के आसपास के इलाकों में पानी का ऐसा ही बवंडर दिखाई दिया था, जिसने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
फिलहाल ब्रह्मपुत्र में दिखाई दिए इस दुर्लभ जलस्तंभ ने लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि विशेषज्ञों की मानें तो इसे किसी बड़ी प्राकृतिक आपदा का संकेत मानने का फिलहाल कोई ठोस वैज्ञानिक आधार नहीं है।