1500 ट्रकों की HTC पर GST का शिकंजा! भिलाई-बलौदाबाजार में एक साथ छापे, देर रात तक खंगाले दस्तावेज

रायपुर/भिलाई। 25अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ में राज्य जीएसटी विभाग ने सोमवार को बड़े ट्रांसपोर्ट कारोबार पर कार्रवाई करते हुए हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) से जुड़े भिलाई और बलौदाबाजार स्थित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों की टीम ने कंपनी के कार्यालय, गोदाम और अन्य परिसरों में पहुंचकर कारोबारी दस्तावेजों की देर रात तक जांच की।

स्टेट जीएसटी दुर्ग की टीम ने यह कार्रवाई संयुक्त आयुक्त गुलापा पुरसेठ के निर्देश पर की। बताया गया कि दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच टीम हथखोज स्थित इंद्रजीत सिंह छोटू की हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के परिसर में पहुंची। इसके बाद बिल, टैक्स इनवायस, ई-वे बिल, भुगतान और लेखा संबंधी रिकॉर्ड की जांच शुरू की गई।

ई-वे बिल से लेकर ट्रकों की आवाजाही तक जांच

HTC के परिवहन कारोबार में 1,500 से अधिक ट्रकों का उल्लेख मिलता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जीएसटी अधिकारी वाहनों की वास्तविक आवाजाही और दस्तावेजों में दर्ज जानकारी का मिलान कर रहे हैं। टीम बिलिंग, ई-वे बिल, भुगतान और लेखा रिकॉर्ड के बीच भी सामंजस्य की जांच कर रही है।

क्या सामने आया? जांच पूरी होने का इंतजार

फिलहाल राज्य जीएसटी विभाग ने कर चोरी या किसी अन्य अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों द्वारा कारोबारी रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारण और सामने आए तथ्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

इंद्रजीत सिंह छोटू कई संस्थाओं से जुड़े

HTC के निदेशक इंद्रजीत सिंह छोटू ट्रांसपोर्ट कारोबार के साथ सामाजिक और खेल गतिविधियों में भी सक्रिय बताए जाते हैं। जानकारी के अनुसार, वे HTC और SBS हॉस्पिटल भिलाई में निदेशक हैं। इसके अलावा वे भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन, यूथ सिख सेवा समिति भिलाई, सर्व समाज कल्याण समिति और न्यू गतका स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ सहित कई संस्थाओं में अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

जीएसटी टीम की जांच जारी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि दस्तावेजों की पड़ताल के बाद विभाग की रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *