आमाटोला जंगल में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, 4 भरमार बंदूकें समेत वायरलेस-रेडियो जब्त

कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के आमाटोला गांव के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और सामग्री का डंप बरामद किया गया।

23 जून को जिला पुलिस, बीएसएफ और बीडीएस टीम ने संयुक्त रूप से इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान जवानों को जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संदिग्ध स्थान मिला, जहां नक्सलियों ने हथियार और उपयोगी सामग्री छिपाकर रखी थी।

पुलिस के अनुसार डंप से 4 भरमार बंदूकें, 2 वायरलेस सेट, एक रेडियो, नक्सली वर्दी, दो पाउच, चार्जर, बैटरी, नक्सली साहित्य और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

अभियान का नेतृत्व बीएसएफ की 94वीं वाहिनी के एसी योगेश कुमार और इंस्पेक्टर सुमन कंथोसू ने किया। बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है और आसपास के जंगल क्षेत्र में सर्चिंग तेज कर दी गई है।

कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती इलाकों में संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा। सुरक्षाबल क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *