स्कूल के झगड़े ने लिया हिंसक रूप: दो नाबालिग बहनों पर क्रिकेट बैट से हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

19जुलाई 2026

गुजरात के अंकलेश्वर में स्कूल विवाद को लेकर दो नाबालिग बहनों पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 15 जुलाई की बताई जा रही है, जहां 15 वर्षीय संस्कृति और आकृति नामक बहनों को एक छात्रा और उसके परिवार के सदस्यों ने बीच सड़क पर रोककर मारपीट की।

जानकारी के अनुसार, स्कूल में हुए विवाद के बाद आरोपी छात्रा, उसके पिता, मां और दादी ने बहनों के स्कूटर को रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों बहनों के साथ क्रिकेट बैट और चप्पलों से बेरहमी से मारपीट की गई तथा अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया।

हमले में घायल हुई दोनों बहनों को उपचार के लिए जियाबेन मोदी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर जांच कर रही है। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।

इस घटना के बाद महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, बच्चों के आपसी विवाद में परिजनों के हिंसक हस्तक्षेप को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *