छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर: कुसमी और बिलासपुर में 28-28 सेंटीमीटर वर्षा, 23 जिलों में अगले 48 घंटे का अलर्ट

रायपुर 19जुलाई 2026/छत्तीसगढ़ में सक्रिय मानसूनी तंत्र के चलते बारिश ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बलरामपुर जिले के कुसमी और बिलासपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान 28-28 सेंटीमीटर रिकॉर्ड वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के 23 जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा क्षेत्र में बने चक्रवाती परिसंचरण तथा सक्रिय मानसून द्रोणिका के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी पहुंच रही है। इसके कारण उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा का दौर जारी है।

राजधानी रायपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ तेज वर्षा की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर, जशपुर, रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बलौदाबाजार, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, बालोद, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद और महासमुंद जिलों के लिए चेतावनी जारी की है।

भारी वर्षा के चलते कई नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन रही है। प्रशासन ने लोगों से जलमग्न सड़कों, पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही आकाशीय बिजली और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने सभी जिलों के अधिकारियों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज वर्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *