गाय चराने को लेकर विवाद में युवक पर टंगिया से जानलेवा हमला, कुआकोंडा पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा

दंतेवाड़ा, 6 सितंबर 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र में गाय चराने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर लोहे के टंगिया से गले और सिर पर हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में कुआकोंडा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गढ़मिरी अन्दोड़ीपारा में गाय चराने को लेकर सुखराम मरकाम और भीमा मरकाम के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान भीमा मरकाम ने सुखराम पर टंगिया से हमला कर दिया। सिर और गले में गंभीर चोट लगने से सुखराम मौके पर बेहोश हो गया।

परिजनों ने घायल को तत्काल कुआकोंडा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल दंतेवाड़ा रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

मामले में कुआकोंडा थाने में अपराध क्रमांक 40/2026 दर्ज करते हुए धारा 109(1) बीएनएस के तहत प्रकरण कायम किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी भीमा मरकाम को गिरफ्तार कर 6 सितंबर को दंतेवाड़ा न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र खूंटे के मार्गदर्शन और किरन्दुल एसडीओपी अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भीमार्जुन नाथ ताण्डी सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने और आरोपियों के खिलाफ त्वरित वैधानिक कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *