450 से ज्यादा विद्यार्थियों और 150 से अधिक पुलिसकर्मियों ने लगाई रफ्तार, चिराग ठाकुर बने विजेता

JCI की ‘साइकिल रेस 2.0 – राइड एंड लीड’ में दिखा जोश; गर्ल्स कैटेगरी में रियांशी ने मारी बाजी, फिटनेस के साथ सड़क सुरक्षा और नेतृत्व का दिया संदेश

जगदलपुर, 6 सितंबर 2026। JCI द्वारा आयोजित “साइकिल रेस 2.0 – राइड एंड लीड” का रविवार को उत्साह और उमंग के साथ सफल आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में 450 से अधिक स्कूली विद्यार्थियों और 150 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लेकर फिटनेस, अनुशासन, सड़क सुरक्षा और युवा नेतृत्व का संदेश दिया।

कार्यक्रम में महापौर संजय पांडे, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (BCCI) के अध्यक्ष श्याम सोमानी और पूर्व विधायक रेखचंद जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

चिराग ठाकुर ने जीता प्रथम पुरस्कार

आयोजन के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह हुआ। विभिन्न श्रेणियों में कुल 14 पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्य रेस में चिराग ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और ₹11,000 का पुरस्कार जीता। दक्ष जिजराज ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर ₹7,001, जबकि श्रियांश विश्वकर्मा ने तृतीय स्थान हासिल कर ₹5,001 का पुरस्कार अपने नाम किया।

वहीं गर्ल्स कैटेगरी में रियांशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और पुरस्कार स्वरूप साइकिल जीती।

फिटनेस के साथ नेतृत्व और सड़क सुरक्षा का संदेश

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन JC विशाल दुल्हानी ने किया। JCI की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, सहभागी स्कूलों, प्रायोजकों, स्वयंसेवकों, मीडिया, अभिभावकों और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

JCI पदाधिकारियों ने कहा कि “राइड एंड लीड” महज एक साइकिल रेस नहीं, बल्कि स्वस्थ, फिट और सक्रिय बस्तर की दिशा में एक सार्थक पहल है। आयोजन के माध्यम से युवाओं में फिटनेस के साथ-साथ सड़क सुरक्षा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में JCI अध्यक्ष JC नितिन खत्री, सचिव JC यश पी. बोथरा, कार्यक्रम निदेशक JC गौरव डोडिया, JC अभिषेक राव और JC अक्षय गुप्ता सहित पूरी JCI टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *