रायपुर8जुलाई 2026/छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री की 3डी फैक्ट्री में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 2 से 3 मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। कुछ मजदूरों के मलबे में दबे होने की भी आशंका है। हालांकि मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, 108 एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने फैक्ट्री परिसर को सील कर आसपास का इलाका खाली करा दिया है। घायलों को अस्पताल भेजा गया है, जबकि लापता मजदूरों की तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। कई लोग जान बचाकर बाहर निकल आए, जबकि कुछ के अंदर फंसे होने की आशंका है। हादसे की खबर मिलते ही मजदूरों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच जारी है और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
रायपुर में भीषण धमाका! उरला की 3डी फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, कई मजदूर मलबे में दबने की आशंका